


Chaibasa. हर घर तिरंगा अभियान के तहत चाईबासा में गुरुवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिला उपायुक्त चंदन कुमार ने किया। यात्रा जिला समाहरणालय परिसर से शुरू होकर घड़ी घर चौक तक निकाली गई, जहां इसका समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए. तिरंगा यात्रा के दौरान माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. बच्चे-बूढ़े सभी हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे.
यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य केवल घरों और संस्थानों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और एकता की भावना को घर-घर पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल झंडा नहीं, बल्कि हमारी स्वतंत्रता, एकता और वीरता का प्रतीक है.
उपायुक्त ने सभी से अपील किया है कि वे तिरंगे को अपने दिलों में स्थान दें और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में देशभक्ति को सर्वोपरि रखें. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगा उनके बलिदान की अमर गाथा है, जो हमें अन्याय के खिलाफ लड़ने और एकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है



