


Ranchi. झारखंड में विभिन्न आदिवासी संगठनों ने रांची में सरना स्थल (पवित्र आदिवासी धार्मिक स्थल) के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर विरोध जताने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित अन्य आदिवासी विधायकों की पांच किलोमीटर लंबी सांकेतिक “शव यात्रा” निकाली. प्रदर्शनकारियों ने सिरम टोली में बनाए जा रहे ‘रैंप’ को हटाने की मांग की. उन्होंने दावा किया कि इससे सरना स्थल तक पहुंचने में बाधा आ रही है और वाहनों की लगातार आवाजाही से इस धार्मिक स्थल की पवित्रता भंग हो सकती है.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे 22 मार्च को रांची बंद करेंगे. पारंपरिक आदिवासी परिधान पहने सैकड़ों पुरुषों और महिलाओं ने आदिवासी विधायकों की सांकेतिक शव यात्रा में हिस्सा लिया, जो सिरम टोली से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुई। अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शनकारियों ने रांची के विधायक सीपी सिंह और सांसद संजय सेठ के साथ-साथ 28 आदिवासी विधायकों के पुतले जलाए तथा सांकेतिक रूप से उनका अंतिम संस्कार किया.


