


बिलासपुर
यात्रियों को आधुनिक, त्वरित एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेलवे द्वारा विकसित रेलवन (RailOne) एप एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल के रूप में उभरकर सामने आया है। यह एप रेलवे की विभिन्न सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर एकीकृत कर यात्रियों के यात्रा अनुभव को और अधिक सरल, सहज एवं प्रभावी बनाता है।
रेलवन एप के माध्यम से यात्री ट्रेन संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां जैसे टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी सहित अनेक सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, एप का उपयोगकर्ता-अनुकूल (User-Friendly) इंटरफेस, तेज गति एवं सुरक्षित प्रणाली इसे यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी बनाती है।
अनारक्षित टिकटों पर 3% छूट
डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के क्रम में रेलवन ऐप के माध्यम से सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान विकल्पों द्वारा अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है यह सुविधा 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी है |
मंडल द्वारा व्यापक प्रचार
इस सुविधा की जानकारी अधिकाधिक यात्रियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से टिकट घरों के सामने बैनर पोस्टर का प्रावधान, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से रेलवन ऐप एवं उससे जुड़ी सुविधाओं की जानकारी नियमित रूप से प्रसारित की जा रही है। साथ ही सभी प्रमुख स्टेशनों में वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षकों व कर्मचारियों द्वारा इस ऐप के फायदों को बताते हुये यात्रियों को इस ऐप को डाऊनलोड कर इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है |
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि, “रेलवे द्वारा डिजिटल तकनीकों को अपनाते हुए यात्रियों को एकीकृत एवं सहज सेवाएं प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। रेलवन एप के माध्यम से यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर अनेक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उनका समय बचता है और यात्रा अनुभव बेहतर होता है। साथ ही चिल्हर तथा फेक करेंसी जैसी समस्या का भी समाधान मिलता है |
यात्रियों से आग्रह है कि वे डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत उपलब्ध इन आधुनिक सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा RailOne ऐप डाउनलोड कर अपनी यात्रा को और अधिक सुविधाजनक एवं सुव्यवस्थित बनाएं।





