


जमशेदपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर जनता का आभार जताया। उन्होंने इस जीत को विकास, सुशासन और भरोसे की राजनीति की ऐतिहासिक विजय बताया।
बंगाल के लिए ‘दूसरी आजादी’
रघुवर दास ने पश्चिम बंगाल के जनादेश को ‘दूसरी आजादी’ करार देते हुए कहा कि यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे भय, भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ जनता का निर्णायक संदेश है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने दशकों तक वामपंथ और तृणमूल शासन में राजनीतिक हिंसा, भ्रष्टाचार और असुरक्षा का सामना किया, लेकिन इस बार निर्भीक होकर लोकतंत्र के पक्ष में मतदान किया।
मोदी नेतृत्व पर जताया भरोसा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की जो राजनीति स्थापित हुई है, उसी पर जनता ने भरोसा जताया है। उन्होंने अमित शाह के मार्गदर्शन को भी इस जीत का महत्वपूर्ण कारक बताया।
कार्यकर्ताओं के संघर्ष को समर्पित जीत
रघुवर दास ने कहा कि यह ऐतिहासिक विजय उन हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान को समर्पित है, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं के योगदान को नमन किया।
असम और पुडुचेरी में भी विकास की जीत
उन्होंने असम और पुडुचेरी में मिली जीत पर भी खुशी जताई और कहा कि इन राज्यों के परिणाम यह स्पष्ट करते हैं कि देश की जनता अब जातिवाद, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति से आगे बढ़कर विकास, स्थिरता और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रही है।



