


जमशेदपुर।
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को घाटशिला प्रखंड मुख्यालय स्थित मॉडल स्कूल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरीय शिक्षक नेता सुनील कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। संघ के संविधानानुसार जिला कमेटी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिसे देखते हुए अगले दो महीनों के भीतर जिला कमेटी के चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। इसके पहले सभी प्रखंड इकाइयों का पुनर्गठन किया जाएगा। सभी प्रखंडों को निर्देशित किया गया है कि वे शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर जिला कमेटी को सौंपें।
READ MORE :एनआईटी जमशेदपुर में AMPTIC-2025 कार्यशाला का भव्य समापन
बैठक के दौरान सैकड़ों शिक्षकों की उपस्थिति में माझी महाल मवन से ही शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को MACP सुविधा की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही, मंत्री को 24 अगस्त 2025 को घाटशिला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय शिक्षक सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।
बैठक में मध्यान्ह भोजन हेतु चावल, पुस्तकें, स्कूल बैग तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री समय पर विद्यालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही वक्ताओं ने गुरु गोष्ठी का आयोजन विद्यालय समय के बाद नहीं कर, कार्यावधि में ही कराने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।
जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई ने पिछले छह माह में संगठन के कार्यों और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु किए गए प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि सुनील कुमार ने शिक्षकों को जुलाई से वार्षिक वेतन वृद्धि और ग्रेड 4 में प्रोन्नति के बाद वेतन निर्धारण व लेखा सत्यापन के उपरांत लाभ मिलने का भरोसा दिलाया।
बैठक का संचालन घाटशिला प्रखंड इकाई के अध्यक्ष रंजीत घोष ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सरोज कुमार लेंका, अनिल प्रसाद, संजय कुमार केसरी, तापस कर्ण, बासेत मार्डी, सुजीत कर्ण, नवदीप करण समेत कई पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित थे।



