


Hazaribag.विष्णुगढ़ के जमनीजारा स्थित खेत से शुक्रवार की सुबह महिला और युवक के शव बरामद किये गये. महिला का चेहरा कुचला हुआ है. मृतकों में जरीडीह बोकारो निवासी विजय कुमार महतो और जरीडीह गांधीनगर बोकारो निवासी तिलिया देवी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्या अवैध संबंध को लेकर की गयी है. घटनास्थल से मोबाइल फोन भी मिला है. मामले में मृतका तिलिया देवी के पति मुकेश कुमार महतो से पुलिस पूछताछ कर रही है.
वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है. एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि तिलिया देवी 23 अप्रैल से जरीडीह से लापता थी. इसे लेकर उसके पति मुकेश कुमार ने गांधीनगर थाना में सनहा दर्ज कराया है. एसडीपीओ ने बताया कि तिलिया देवी और विजय कुमार महतो रिश्ते में देवर-भाभी थे. दोनों के बीच अवैध संबंध को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी. तिलिया देवी के दो बच्चे हैं. एसडीपीओ ने बताया कि महिला के लापता होने के बाद उसके मायकेवाले खोजबीन के लिए ससुराल गये थे, लेकिन उन्हें वहां से फटकार लगाकर भगा दिया गया था. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा कर रही है.



