


Jamshedpur.जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पूर्वी घाघीडीह पंचायत के मां तारानी कॉलोनी, रोड नंबर दो स्थित गौरांग मंडल के बंद घर में चोरों ने छत का टीन काटकर प्रवेश किया और लगभग 15 लाख रुपए की संपत्ति चुरा ली। यह घटना तब हुई, जब गौरांग मंडल का परिवार अपने पिता के निधन के बाद श्राद्ध कर्म के लिए घाटशिला के सुरदा गांव गया हुआ था। शनिवार को उनके पिता का निधन हो गया था। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के दरवाजे, अलमारी, पलंग और लॉकर तोड़ दिए। परिजनों के अनुसार, चोर लगभग डेढ़ लाख रुपए नगद, सोने-चांदी के आभूषण, सोने की चेन, चांदी के बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्ति सहित लाखों रुपए का सामान चुरा ले गए।
परिवार के वापस लौटने पर उन्हें घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला और कीमती वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बागबेड़ा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। वे आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।



