Jamshedpur. टेल्को थाना क्षेत्र के प्लाजा मार्केट के पास मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्किंग करने के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी। कार में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा सवार थे। राहत की बात यह रही कि तीनों को कोई चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, चालक प्लाजा मार्केट के पास कार खड़ी करने की कोशिश कर रहा था।

इसी दौरान सड़क किनारे घास होने और नाली स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार नाली में फंस गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग कार सवारों की मदद के लिए आगे आए। काफी प्रयास के बाद लोगों ने धक्का देकर कार को नाली से बाहर निकाला। वाहन के बाहर निकलने और सभी सवारों के सुरक्षित होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे बनी नाली घास के कारण ठीक से दिखाई नहीं देती है। ऐसे में वाहन चालकों को पार्किंग करते समय परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

