Ranchi झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो संदिग्ध गैंगस्टर गिरफ्तार किए गए, जिनमें से एक गोली लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) नीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विधानसभा थाना क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को रोका। कुमार ने कहा, पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उनका पीछा किया तो उन्होंने टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ हुई और इस दौरान शाहिद नामक आरोपी के पैर में गोली लग गई।

उन्होंने बताया कि शाहिद को इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया जबकि दूसरे आरोपी शमशाद अंसारी को हिरासत में ले लिया गया। कुमार ने कहा कि दोनों राहुल सिंह गिरोह से जुड़े हैं। उनके खिलाफ लोहरदगा, गुमला और रांची जिलों में कई आपराधिक मामले लंबित हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी के अनुसार, यह गिरोह मुख्य रूप से कारोबारियों और कोयला व्यापारियों से रंगदारी वसूलता है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी 11 अक्टूबर को कांके थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी की घटना में कथित रूप से शामिल थे।


