Jamshedpur. जमशेदपुर में बुधवार को डीसी कार्यालय के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राजेंद्र नगर न्यू कॉलोनी निवासी अनुपम सिन्हा ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और लोगों ने उन्हें रोक लिया।

अनुपम सिन्हा का आरोप है कि वह पिछले 7-8 महीनों से जमशेदपुर को-ऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसाइटी में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने सोसाइटी में 10-12 लाख रुपये के कथित गबन का आरोप लगाया और दावा किया कि डीसी, एसडीओ समेत अधिकारियों को 23 बार लिखित शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।


