New Delhi. टाटा टेक्नोलॉजीज का मजबूत राजस्व वृद्धि और वाहन क्षेत्र के ग्राहकों की मांग के दम पर सितंबर तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 3.6 प्रतिशत बढ़कर 171.44 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 165.5 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था। कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में एक्सचेंज को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसका परिचालन राजस्व बढ़कर 1,698.8 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 1,323.33 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 1,499.66 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1,150.97 करोड़ रुपये था।

दूसरी तिमाही के प्रदर्शन पर कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक वॉरेन हैरिस ने कहा कि टाटा समूह की यह कंपनी पूरे वित्त वर्ष में राजस्व में दोहरे अंक में मजबूत वृद्धि दर्ज करने की उम्मीद कर रही है।

हैरिस ने कहा, ”हम इस साल दोहरे अंकों में मजबूत वृद्धि दर्ज करेंगे। हमें उम्मीद है कि यह गति अगले साल और उसके बाद भी जारी रहेगी। इसकी वजह सिर्फ बाजार की परिस्थितियां नहीं, बल्कि हमारी ऑर्डर बुक का लगातार मजबूत होना भी है। इसलिए हमें लगता है कि वृद्धि की गति मजबूत है। हमारा मानना है कि उद्योग एक महत्वपूर्ण बदलाव के दौर में है और हम इस बदलाव के शुरुआती चरण में हैं।”

