


Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को फिर एक बच्ची की मौत हो गई। मृतका की एक बहन की ब्रेन मलेरिया से ही चार दिन पहले मौत हो गई थी। वहीं, उनकी तीसरी बहन भी ब्रेन मलेरिया से संक्रमित है और उसका इलाज जारी है। मृतका की पहचान पोटका प्रखंड के हरिणा पंचायत अंतर्गत कंदर गांव निवासी महावीर सरदार की बेटी खुशबू सरदार के रूप में की गई है। उसकी मौत सोमवार सुबह एमजीएम अस्पताल में हो गई। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने इलाज और अंतिम संस्कार दोनों की चुनौती खड़ी हो गई है।
इधर, स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और तेज कर दी है। अधिकारियों के अनुसार प्रखंड में अब तक इस बीमारी से चार लोगों की जान जा चुकी है। एमजीएम अस्पताल में गंभीर मरीजों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को पोटका के सात स्थानों पर विशेष जांच शिविर आयोजित किए। इस दौरान 465 लोगों की जांच की गई, जिसमें 29 नए ब्रेन मलेरिया के मरीज मिले।



