Jamshedpur. डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह अस्पताल की लिफ्ट नंबर-5 अचानक बीच में फंस गई, जिसमें एक मरीज के पिता करीब 2 घंटे तक फंसे रहे। बताया जा रहा है कि वे दवा या जरूरी सामान लेने के लिए नीचे जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बंद हो गई और वे उसके अंदर ही फंस गए। जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट का समय पर मेंटेनेंस नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। घटना के बाद काफी देर तक व्यक्ति लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। करीब 2 घंटे बाद मेंटेनेंस से जुड़े कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लिफ्ट को ठीक करने का काम शुरू किया। इसके बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

वहीं, लिफ्ट ठीक करने के बाद फिलहाल उसे बंद कर दिया गया है। बताया गया कि जब तक लिफ्ट की पूरी तरह सफाई और मेंटेनेंस का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक इसका इस्तेमाल शुरू नहीं किया जाएगा। लेकिन यह सिर्फ एक घटना नहीं है।

एमजीएम अस्पताल में लिफ्ट खराब होने और मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी होने की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं। यह एक ऐसा सरकारी अस्पताल है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मरीजों, बुजुर्गों और उनके परिजनों के लिए लिफ्ट बेहद जरूरी सुविधा है। ऐसे में अगर अस्पताल में लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधा का भी नियमित मेंटेनेंस नहीं हो पा रहा है, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

