Saraikela.लगातार हो रहे सड़क हादसों और बेगुनाह लोगों की जान जाने के बाद आखिरकार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की नींद खुली है। ग्रामीणों के लगातार विरोध और आक्रोश के बाद बुधवार को रावताड़ा चौक पर ट्रिपल स्पीड ब्रेकर बनाने का काम शुरू कर दिया गया। गौरतलब है कि रावताड़ा चौक पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। इन हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। सड़क सुरक्षा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की जा रही थी।

हालिया सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला था। इसके बाद प्रशासन और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा। आखिरकार NHAI ने रावताड़ा चौक पर ट्रिपल स्पीड ब्रेकर निर्माण का काम शुरू कराया। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या स्पीड ब्रेकर बनने के बाद रावताड़ा चौक पर सड़क हादसों पर लगाम लगेगी और लोगों की जान सुरक्षित रह पाएगी?


