


जमशेदपुर: विद्यापति परिषद, बागबेड़ा कॉलोनी की कार्यकारिणी के पुनर्गठन एवं चुनाव की प्रक्रिया सोमवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। चुनाव में अनूप मिश्रा ‘ज्योति’ को अध्यक्ष, अखिलेश मिश्रा को महासचिव और रंजीत झा को कोषाध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया।
परिषद के कुल 34 सदस्यों में से सात सदस्य शहर से बाहर होने के कारण चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके। उपस्थित 27 सदस्यों में से 20 सदस्यों ने चुनाव में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके अलावा परिषद के मार्गदर्शक मंडल के 10 वरिष्ठ सदस्य भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
चुनाव समिति की देखरेख में हुई प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया चुनाव समिति के सदस्य डॉ. अशोक कुमार झा अविचल, डॉ. रवीन्द्र कुमार चौधरी और जे.सी. झा की देखरेख में संपन्न हुई। पूरी प्रक्रिया में मिथिला संस्कृति परिषद के अध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्रा पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे।
अनूप मिश्रा ‘ज्योति’ बने अध्यक्ष
अध्यक्ष पद के लिए डॉ. रवीन्द्र कुमार चौधरी ने नामांकन आमंत्रित किया। इस दौरान हरेराम चौधरी ने अनूप मिश्रा ‘ज्योति’ के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का समर्थन अभिलाष मिश्रा सहित उपस्थित सभी 20 सदस्यों ने किया। इसके बाद अनूप मिश्रा ‘ज्योति’ को सर्वसम्मति से परिषद का अध्यक्ष घोषित किया गया।
अखिलेश मिश्रा को महासचिव की जिम्मेदारी
महासचिव पद के लिए अवधेश मिश्रा ने अखिलेश मिश्रा के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का समर्थन अशोक चौधरी सहित सभी उपस्थित सदस्यों ने किया। इसके बाद अखिलेश मिश्रा को सर्वसम्मति से महासचिव चुना गया।
रंजीत झा बने कोषाध्यक्ष
कोषाध्यक्ष पद के लिए रंजीत झा के नाम पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से परिषद का कोषाध्यक्ष चुना गया।
चुनावी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सदस्यों ने बधाई दी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने परिषद के सदस्यों और मार्गदर्शक मंडल के वरिष्ठ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे विद्यापति परिषद के विकास, मिथिला संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।

