
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला के घाटशिला प्रखंड अंतर्गत चेंगजोड़ा गांव में बन रहे हेरिटेज विलेज प्रोजेक्ट की समीक्षा को लेकर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह परियोजना रूर्बन मिशन एवं पर्यटन विभाग के अभिसरण से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय आजीविका को एकीकृत करना है।
उपायुक्त ने निर्माणाधीन हेरिटेज म्यूजियम के अधूरे कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने इस म्यूजियम की सुचारू संचालन के लिए स्थानीय संचालन समिति के शीघ्र गठन का निर्देश भी दिया। समिति में ग्राम प्रधान, बीडीओ घाटशिला और कला मंदिर संस्था को शामिल कर उनके माध्यम से म्यूजियम के रखरखाव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन और स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन को बेहतर तरीके से संचालित करने पर बल दिया गया।
श्री सत्यार्थी ने कहा कि हेरिटेज विलेज का उद्घाटन विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर) के अवसर पर किया जाएगा। इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को स्थायी रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने साइट इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि वहां हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छ शौचालय एवं सूचनात्मक साइनबोर्ड की स्थापना पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी संबंधित विभागों को कार्य में तत्परता दिखाने को कहा गया ताकि तय समय पर परियोजना पूरी हो सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, बीडीओ यूनिका शर्मा, जिला पर्यटन पदाधिकारी श्री अविनेश त्रिपाठी, कला मंदिर संस्था के प्रतिनिधि तथा तकनीकी एजेंसियों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
हेरिटेज विलेज परियोजना को जिले के ग्रामीण विकास और पर्यटन विस्तार का प्रमुख साधन माना जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में पूर्वी सिंहभूम को एक नई पहचान देगा।
