


Jamshedpur. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को बीएलओ के साथ ऑनलाइन बैठक की। इस दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के चयनित मतदान केंद्रों के बीएलओ से क्षेत्रीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार कर घर-घर भ्रमण करने का निर्देश दिया। प्रत्येक मकान का वास्तविक अथवा नोशनल हाउस नंबर दर्ज करते हुए परिवारवार सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 और फॉर्म-8 समेत निर्धारित प्रपत्र प्राप्त किए जाएं। साथ ही मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज की जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि बीएलओ केवल निर्धारित स्थान पर बैठकर कार्य न करें, बल्कि नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम एवं विवरण की जांच करें। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति दर्ज कराएं。

