Jamshedpur. बिरसानगर थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक राहुल सामड को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी की एक घटना बिरसानगर के जोन नंबर तीन में विजय गार्डेन के पास स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स दुकान और टॉम जिम में हुई थी।

आरोपियों ने दुकानों का ताला और शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे रुपये, मोबाइल फोन, लैपटॉप, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स समेत कई सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना को लेकर 20 अक्टूबर को बिरसानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल सामड को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस मामले में शामिल एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए हैं। बरामद वस्तुओं में चार स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, टाइटन कंपनी की घड़ी, टॉर्च, चॉकलेट, खजूर और पूजा की थाली समेत अन्य सामान शामिल हैं।


