डीटीओ महेश्वरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में चला सघन जांच अभियान, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग और टैक्स बकाया वाहनों की हुई जांच

जमशेदपुर: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने नेशनल हाईवे पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) महेश्वरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 28 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर कुल 1.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जांच अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध पार्किंग, निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोने, वाहन कर (टैक्स) बकाया होने सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन की पड़ताल की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग पर प्रशासन की नजर
जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान का उद्देश्य नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाना है। प्रशासन ने वाहन चालकों और परिवहन संचालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही वाहनों का परिचालन करने तथा सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग नहीं करने की हिदायत दी है।
दस्तावेज और वाहन टैक्स अपडेट रखने की अपील
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज अपने पास रखें और वाहन कर समय पर जमा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

