


Medninagar.पलामू जिले के पाटन स्थित पाल्हेकला गांव में रविवार की शाम छह बजे मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हो गयी. जिसे पुलिस और प्रशासन ने रोकने की कोशिश की, लेकिन तभी एक पक्ष द्वारा पत्थरबाजी शुरू कर दी गयी. इस क्रम में ग्रामीण गौतम कुमार सिंह और प्रवीर सिंह पर तलवार से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों घायल हो गये.
दोनों सहोदर भाई हैं. उन्हें निजी अस्पताल आशी केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. इस दौरान हुई झड़प में दूसरे पक्ष से भी कई लोग घायल हुए हैं.
घटना की सूचना मिलने पर पलामू एसपी रीष्मा रमेशन और डीएसपी मणिभूषण प्रसाद ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. देर रात तक प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में कर लिया था और इलाके में निगरानी रखी जा रही थी.



