सरायकेला-खऱसांवा।
जिला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को चांडिल और गम्हरिया प्रखंडों में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में संचालित स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, विज्ञान प्रयोगशाला तथा पुस्तकालय सहित विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का स्थलीय अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में पहुँचकर छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया और गणित, विज्ञान एवं मानविकी विषयों पर लघु शिक्षण सत्र के माध्यम से उनकी विषयगत समझ और अभिवृत्ति का मूल्यांकन किया। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई से जुड़े कठिन विषयों को सरल तरीके से समझने के लिए प्रयोगात्मक और व्यावहारिक उपाय भी बताए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :अतिक्रमण मुक्त भूमि और म्यूटेशन में पारदर्शिता को लेकर उपायुक्त ने दिए निर्देश
पुस्तकालय को और अधिक उपयोगी बनाने पर बल
पुस्तकालय निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि पुस्तकालय में गुणवत्तापूर्ण, ज्ञानवर्धक एवं करियर उन्मुख पुस्तकें शामिल की जाएं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की जानकारी बढ़ाने एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने वाली पुस्तकों की सूची बनाकर तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
आईसीटी प्रयोगशाला में समयबद्ध कंप्यूटर शिक्षा का निर्देश
आईसीटी लैब की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लैब प्रभारी शिक्षक से कंप्यूटर शिक्षा पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कहा कि सभी छात्राएं डिजिटल साक्षरता से लैस हों, इसके लिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण जरूरी है।
साफ-सफाई एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त श्री सिंह ने विद्यालय संचालन की समग्र समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि स्कूलों में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। सभी कक्षाओं में स्वच्छता सामग्री सुलभ हो और छात्राओं के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए खेलकूद और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन हो।
इन अधिकारी-कर्मियों की रही उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे।