


New Delhi. सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 74,111.57 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा लाभ में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 177.36 अंक या 0.23 प्रतिशत के लाभ में रहा।
शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार मूल्यांकन में वृद्धि हुई। वहीं एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत घट गई।
शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।



