


New Delhi. पिछले सप्ताह अस्तित्व में आई और सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर के साथ सुर्खियों में रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ‘एक्स’ अकाउंट पर बृहस्पतिवार को रोक लगा दी गई। हालांकि, रोक के कुछ ही देर बाद ‘कॉकरोच मरता नहीं है’ टैगलाइन के साथ ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से एक और हैंडल बना दिया गया। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, ‘इस बात की उम्मीद पहले से थी क्योंकि कल से हमारे अकाउंट को हैक करने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन सरकार का दाँव उलटा पड़ गया है।’ दीपके ने कहा, ‘मैंने अब ‘एक्स’ पर ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से एक नया अकाउंट शुरू किया है।’ उन्होंने कहा कि टीम इस मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाएगी।
‘कॉकरोच इज बैक’ एक्स हैंडल शुरू होने के कुछ घंटे बाद शाम छह बजे इसके फॉलोअर की संख्या 39,000 हजार से अधिक हो गई। इसने एक बार फिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराया। दीपके के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी के ‘एक्स’ पर 2,01,000 फॉलोअर थे। यह पार्टी भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की इस टिप्पणी के बाद अस्तित्व में आई जिसमें उन्होंने वरिष्ठता की मांग कर रहे एक वकील से नाराजगी जताते हुए ‘परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
प्रधान न्यायाधीश ने बाद में स्पष्टीकरण दिया था कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और उनकी टिप्पणी विशेष रूप से उन लोगों पर केंद्रित थी जो ‘फर्जी डिग्रियों’ के माध्यम से वकालत के पेशे में प्रवेश करते हैं। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने 15 मई को संबंधित टिप्पणी की थी और इसके एक दिन बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सामने आई। यह तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसे नेताओं, कार्यकर्ताओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिलने लगा।




