


Chatra . झारखंड के चतरा जिले में शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से लगभग 100 साल पुरानी अष्टधातु की एक बहुमूल्य मूर्ति चोरी होने के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, चोरी हुई वस्तु अष्टधातु की एक मूर्ति है, जिसमें सभी 24 तीर्थंकरों की आकृतियां एक साथ बनी हुई हैं। चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेश नैथानी ने को बताया कि पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र की मदद से चोरी के महज दो घंटे के भीतर मूर्ति को बरामद कर लिया। एसपी ने कहा, चोरी के इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
बरामद की गई मूर्ति की बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। नैथानी ने बताया कि ईटखोरी के निवासी और जैन मंदिर के प्रबंधक ताराचंद जैन की तहरीर के आधार पर 20 मई को ईटखोरी थाने में मामला दर्ज किया गया था। एसपी ने कहा, अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईटखोरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया, जिसने संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर ही चोरी की गई मूर्ति बरामद की जा सकी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चोर अत्यधिक धूम्रपान और नशे का आदी है। उसने गांजे के नशे में धुत होकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। एसपी ने बताया, चोर इस बहुमूल्य मूर्ति को बेचने के लिए दिल्ली के करोल बाग जाने की फिराक में था।




